सोनिया-स्मृति में नौकझौंक के बाद एक दूसरे पर हमलावर हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष

सोनिया-स्मृति में नौकझौंक के बाद एक दूसरे पर हमलावर हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की एक टिप्पणी पर बवाल खड़ा हो गया है और सत्तारूढ़ भाजपा इस मामले में कांग्रेस पर हमलावर हो गई है।

भाजपा ने कांग्रेस को ‘आदिवासियों, महिलाओं और गरीबों का विरोधी’ करार देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से इस पर माफी की मांग की है। वहीँ कांग्रेस ने पलटवार में बीजेपी पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अपमान करने और उन्हें निशाना बनाये जाने का आरोप लगाया है।

इससे पहले, सत्तारूढ़ भाजपा सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल और शून्यकाल की कार्यवाही नहीं चल सकी। निचले सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई तो महिला और बाल विकास मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने इस विषय को उठाते हुए कहा कि सदन में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सदन से बाहर देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहकर उनका अपमान किया।

उन्होंने कहा कि इस देश का गौरव है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 75 साल की आजादी में पहली बार किसी गरीब आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया।

ईरानी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनते ही मुर्मू कांग्रेस की घृणा का केंद्र बन गयीं। कांग्रेस के पुरुष नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को ‘कठपुतली’ कहा, द्रौपदी को ‘अमंगल का प्रतीक’ कहा। और कल सदन में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहकर उनका अपमान किया।’’

ईरानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी महिला का यह सम्मान पचा नहीं पा रही है, वह गरीब परिवार की बेटी का देश की राष्ट्रपति बनना पचा नहीं पा रही। उन्होंने दावा किया कि एक पत्रकार के टोकने पर भी चौधरी ने अपने शब्दों को वापस नहीं लिया।

ये भी पढ़ें  AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की गाड़ी पर जानलेवा हमला, 3- 4 राउंड फायरिंग, दो गरफ्तार हुआ खुलासा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला विरोधी, गरीब विरोधी और आदिवासी विरोधी पार्टी है जो अब देश की सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर और सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठीं मुर्मू का भी अपमान करती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता के इस कृत्य को, आदिवासी विरासत के इस अपमान को.. पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की स्वीकृति थी। ईरानी ने कहा कि राष्ट्रपति को इस तरह से अपमानित करना ‘मूल्यविहीन और संस्कारविहीन राजनीति’ का प्रतीक है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष देश, गरीबों से, महिलाओं से और आदिवासियों से माफी मांगें। उन्होंने कहा, ‘‘माफी मांगो, शर्म करो।’’ इस दौरान सोनिया गांधी और चौधरी सदन में उपस्थित थे।

कांग्रेस ने की पीएम मोदी से माफ़ी मांगने की मांग:

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि सोमवार को लोकसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत भारतीय जनता पार्टी के कई सांसदों एवं मंत्रियों ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ अमर्यादित और अपमानजनक व्यवहार किया तथा ऐसी स्थिति पैदा कर दी गई थी कि उन्हें (सोनिया को) चोट भी पहुंच सकती थी।

कांग्रेस का कहना है कि लोकसभा के भीतर इसी विषय को लेकर भाजपा के सदस्यों और मंत्रियों ने सोनिया गांधी साथ अपमानजनक व्यवहार किया। मुख्य विपक्षी दल ने कहा कि अपनी मंत्री और नेताओं के इस व्यवहार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए।