108 साल की महिला के काटे दोनों पैर : चांदी के कड़े लूटने के लिए घसीट कर ले गए

108 साल की महिला के काटे दोनों पैर : चांदी के कड़े लूटने के लिए घसीट कर ले गए

बदमाश महिला को कमरे से घसीटते हुए बाथरूम में ले गए और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को वारदातस्थल से धारदार हथियार मिला है। पुलिस ने एफएसएल की टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए हैं।

जयपुर में रविवार को दिल दहलाने वाली वारदात घटी। घर में घुसकर 108 साल की महिला के पैर काटकर बदमाशों ने चांदी के कड़े लूट लिए। महिला बाथरूम में दर्द से तड़पती रही। घरवालों को एक घंटे बाद वारदात का पता चला।

राजधानी जयपुर के मीणा कॉलोनी गलतागेट निवासी जमुना देवी (108) अपनी बेटी गोविंदी और पोती ममता (22) के साथ रहती है। रविवार सुबह पांच बजे बदमाश उनके घर में घुस गए। आरोपी उन्हें घसीटते हुए बाथरूम में ले गए और दोनों पैर काटकर चांदी के कड़े निकाल लिए। बदमाशों ने महिला का मुंह दबा दिया था, इस वजह से वह चिल्ला भी नहीं सकी।

बुजुर्ग महिला ने गले में सोने का जंतर भी पहन रखा था। इसे भी लूटने के लिए आरोपियों ने महिला के गले पर वार किया लेकिन किसी के आने के डर से बदमाश मौके से भाग गए। पीड़िता जमुना देवी की बेटी और पोती सुबह करीब छह बजे सोकर उठीं। उन्होंने देखा कि जमुना देवी अपने बेड पर नहीं है। घर में सारा सामान बिखरा हुआ था। ऐसे में दोनों ने जमुना देवी को तलाशना शुरू किया। वे बाहर के बाथरूम में गई तो वहां जमुना देवी जमीन पर बेहोश मिलीं। महिला के दोनों पैर अलग कटे हुए पड़े थे।

सूचना पर गलतागेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल की टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए। पुलिस को बाथरुम में धारदार बड़ा चाकू मिला है। अब पुलिस वारदात स्थल के सीसीटीवी खंगालने में जुटी है। महिला को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें  जम्मू-कश्मीर के सुदूरवर्ती गांव में आग से 20 घर क्षतिग्रस्त