युवा को मौका मिला, ईशान किशन ने दोहरा शतक जड़ा

युवा को मौका मिला, ईशान किशन ने दोहरा शतक जड़ा

Ind vs Bng ODI Series: ईशान किशन ने वनडे क्रिकेट में 126 बॉल में दोहरा शतक जड़ दिया। इससे पहले सबसे तेज डबल सेंचुरी जड़ने का रिकॉर्ड यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 138 गेंदों में यह कारनामा किया था। ईशान ने अपनी पारी में पहले 100 रन जड़ने के लिए 85 गेंदें खेलीं। अगले 100 रन उन्होंने केवल 41 गेंदों पर बना दिए। 1 बिहारी…100 पर भारी।

ईशान किशन…! 131 गेंद…210 रन। 24 चौके…10 छक्के। 160 का स्ट्राइक रेट। आज के बाद पहचान बताने की जरूरत नहीं होगी क्योंकि नाम और काम सब बोलेगा। जिस बांग्लादेश के खिलाफ 2-0 से वनडे सीरीज गंवाने के बाद समूचा हिंदुस्तान दुख में डूबा हुआ था, उसे ईशान किशन ने अपने बूते गर्व करने का मौका दे दिया।

शुभमन गिल, शिखर धवन और रोहित शर्मा के बीच लगातार वनडे वर्ल्ड कप में ओपनिंग को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही थी। कोई भी इस दौड़ में ईशान किशन को नहीं मान रहा था। नतीजा यह हुआ कि ईशान को वनडे और टी-20 में अवसर ही नहीं दिया जा रहा था। फैंस जानते थे कि वाइट बॉल क्रिकेट में ईशान सर्वश्रेष्ठ ओपनर बन कर दिखा सकता है। आखिरकार बांग्लादेश के खिलाफ 2-0 से सीरीज गंवाने के बाद ईशान को अवसर मिला और उसने साबित कर दिखाया कि वह किस मिट्टी का बना है।

सबसे पहले ईशान ने छठे स्टंप की बैंक ऑफ द लेंथ बॉल पर मुस्तफिजुर रहमान को बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में चौका लगाकर भारत के बाउंड्रीज का खाता खोला। ओवर की अगली गेंद फिज ने आउटसाइड ऑफ पिच की, पॉइंट की दिशा में चौके के लिए क्रैकिंग ड्राइव। इसके बाद शिखर जरूर वापस लौट गए लेकिन ईशान का बल्ला लगातार बोलता रहा।

छठे ओवर में तस्कीन अहमद की पहली डिलीवरी गुड लेंथ आउटसाइड ऑफ। पॉइंट की दिशा में झन्नाटेदार चौका। इस ओवर की चौथी गेंद पर जिस तरीके से ईशान ने हैंड आई कोऑर्डिनेशन के जरिए ऑफ साइड में बाउंड्री हासिल की, एक पल को वीरेंद्र सहवाग आंखों में उतर आए। आठवें ओवर की चौथी गेंद इबादत हुसैन ने शॉर्ट ऑफ लेंथ वेस्ट हाइट पर डाली। पुल शॉट पर जोरदार चौका। 12वें ओवर में फिर एक दफा ईशान और इबादत का आमना-सामना हुआ।

दूसरी गेंद चौथे स्टंप पर बैक ऑफ द हैंड…! बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में प्योर टाइमिंग के जरिए चौका। ओवर की पांचवीं गेंद इबादत हुसैन ने शॉर्ट ऑफ लेंथ डाली। किशन ने एक्रॉस जाते हुए स्क्वायर लेग के ऊपर से पुल शॉट के जरिए इनिंग का अपना पहला छक्का हासिल कर लिया। अंतिम गेंद पर भी बल्ले का करारा प्रहार और मिड ऑफ तथा मिड ऑन के बीच से चौका।

13वें ओवर की दूसरी गेंद पर ईशान किशन का अर्धशतक पूरा हो चुका था। जिस ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की उम्मीद भारतीय बल्लेबाजों से टी-20 वर्ल्ड कप और बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती 2 मुकाबलों में की जा रही थी, उस भरोसे पर सिर्फ ईशान किशन खरे उतरे।

अभी तो खेल शुरू हुआ था। 15वें ओवर की पांचवीं गेंद तस्कीन अहमद ने लोअर फुलटॉस डाल दी। एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से दनदनाता चौका। 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर मेहदी मिराज हसन के खिलाफ ईशान डाउन द ट्रैक आए और गेंद को एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से चौके के लिए लॉफ्ट कर दिया।

17वें ओवर में तस्कीन अहमद ईशान के हत्थे चढ़ गए। चौथी गेंद शॉर्ट ऑफ लेंथ और ईशान के बल्ले से ताकतवर पुल शॉट के बूते धमाकेदार छक्का…! यह ईशान के बल्ले से आने वाला पारी का दूसरा छक्का था। ओवर की अंतिम गेंद लेग स्टंप के बाहर…! फाइन लेग के फील्डर के ऊपर से पुल शॉट पर चौका।

18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मेहदी हसन मिराज के खिलाफ स्वीप शॉर्ट पर ईशान ने चौका हासिल कर लिया। 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर मेहदी ने गेंद को हवा में कुछ देर ज्यादा छोड़ दिया। ईशान नीचे झुके और आउटसाइड ऑफ से बॉल को मिडविकेट की दिशा में चौके के लिए मार दिया।

ये भी पढ़ें  इस खिलाड़ी ने फेरा उमरान मलिक की  मेहनत पर पानी!

शॉट बताने के लिए काफी था कि यह बल्लेबाज रनों का कितना भूखा है। 20वें ओवर की पांचवीं गेंद मेहदी हसन ने शॉर्ट ऑफ लेंथ डाल दी। ईशान ने जगह पर रहते हुए गेंद को मिड ऑन के ऊपर से चौके के लिए खेल दिया।

24वें ओवर की पहली गेंद पर अफीफ हुसैन को चौका जड़कर ईशान किशन ने अपना शतक पूरा कर लिया। वो दूसरे खिलाड़ी होते होंगे, जो शतक मारने के बाद थम जाते हैं। 24वें ओवर की चौथी गेंद आउटसाइड ऑफ पिच की गई।

बेंट बैक लेग के साथ ब्वॉयलर अफीफ हुसैन के सर के ऊपर से 1 बाउंस चौका। 25वें ओवर की चौथी गेंद शाकिब अल हसन ने शॉर्ट डाल दी। ईशान क्रीज में पीछे हटे और डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ दिया। ऐसा करके वह कहावत सही साबित कर दी, जिसमें कहा गया है कि शेर अगर दो कदम पीछे लेता है तो शिकार करने के लिए।

26वें ओवर फिर एक बार मौजूदा बांग्लादेशी टीम के नंबर वन तेज गेंदबाज इबादत हुसैन ईशान के फेर में फंस गए। पहली ही गेंद शॉर्ट बॉल और डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से धमाकेदार छक्का। चौथी गेंद फुल और स्लॉट में। वाइड लॉन्गऑन के ऊपर से 85 मीटर का छक्का…!

27वें ओवर में ईशान ने शाकिब का धागा खोल दिया। पहली गेंद अंदर की तरफ आ रही थी और एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से खूबसूरत चौका। दूसरी गेंद पर पैरों का इस्तेमाल और डीप मिडविकेट के ऊपर से 80 मीटर का छक्का। ओवर की चौथी गेंद फुल और स्लॉट में। डीप मिडविकेट के ऊपर से आतिशी छक्का।

28वें ओवर में मेहदी हसन मिराज ईशान के सामने थे। तीसरी गेंद फुलिस लेंथ की थी और स्लॉग स्वीप के जरिए ईशान ने छक्का हासिल कर लिया। इसी के साथ ईशान डेढ़ सौ रन पूरे। अगली गेंद पर आगे बढ़कर नॉन स्ट्राइकर के बगल से चौका और विराट के साथ 200 रनों की पार्टनरशिप पूरी।

29वें ओवर के चौथे और छठे बॉल पर इबादत हुसैन के खिलाफ 2 और चौके। अब खेल नहीं खिलवाड़ चल रहा था। 30वें ओवर की दूसरी गेंद पर मेहदी के खिलाफ स्लॉग स्वीप पर छक्का। ओवर की पांचवी गेंद राउंड आर्म के साथ और बॉलर के सर के ऊपर से चौका। अंतिम गेंद पर भी एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से चौका। ओवर से कुल मिलाकर 17 रन।

31वें ओवर की तीसरी गेंद मुस्तफिजुर रहमान ने धीमी गति से डाली। स्लिप के ऊपर से चीकी शॉट पर चौका। 34वें ओवर की पहली गेंद फुलटॉस आउटसाइड ऑफ। बल्ले से गेंद के लगते ही इसपर चौका लिखा था। 34वें ओवर की अंतिम बॉल फुलर आउटसाइड ऑफ। लॉफ्टेड शॉट ओवर मिड ऑफ फॉर 4। 35वें ओवर की अंतिम गेंद पर मुस्तफिजुर के खिलाफ सिंगल के साथ ईशान का दोहरा शतक पूरा हो गया।

36वें ओवर की पहली गेंद पर चौका… तस्कीन अहमद ने लोअर फुलटॉस डाल दिया और ईशान उस पर टूट कर पड़े। ओवर की चौथी गेंद शॉर्ट ऑफ लेंथ और ईशान ने उसे डीप मिडविकेट स्टैंड में डिस्पैच कर दिया। लगा कि रोहित के 264 रनों का रिकॉर्ड जरूर टूट जाएगा। पर 36वें ओवर की पांचवीं गेंद को गेंदबाज के सर के ऊपर से छक्का मारने के दौरान ईशान को डिस्टेंस नहीं मिला और वह कैच आउट हो गए।

कुल मिलाकर ईशान ने वाइट बॉल क्रिकेट में बतौर ओपनर अपना मजबूत दावा ठोक दिया है। अगर इंडिया को इंग्लैंड की तरह पावरप्ले में तेज खेल दिखाना है तो हर हाल में ईशान किशन को टीम में मौका देना होगा।